सीधी(kundeshwartimes) सीधी जिले के मझौली थाना क्षेत्र में वाइस एप (आवाज बदलने वाला एप) से महिला की आवाज में छात्राओं को बुलाकर दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार चार आरोपित में एक ने दुष्कर्म का नया मामला भी स्वीकारा है।
कई लड़कियों के साथ दुष्कर्म की बात आई सामने
पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि लगभग तीन माह पहले भी उसने एक अन्य युवती से दुष्कर्म किया था।हालांकि, उसने तब वाइस एप का उपयोग नहीं किया था। इस मामले में अभी पीड़िता सामने नहीं आई है, जिससे पुलिस ने नई एफआइआर दर्ज नहीं की है। सरकारी कालेज की प्राचार्य की आवाज में सात लड़कियों को बुलाकर दुष्कर्म की बात आरोपितों ने स्वीकारी है।
रीवा के पुलिस महानिरीक्षक महेंद्र सिंह सिकरवार ने बताया कि आरोपित लड़कियों से मारपीट भी करते थे। इस कारण वह डरी हुई हैं। उनकी मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग भी कराई जा रही है, जिससे उनका डर निकाला जा सके। एक लड़की से आरोपितों ने ज्यादा मारपीट की थी। इस कारण दूसरी लड़कियां भी बहुत ज्यादा डरी हैं। पूरा घटनाक्रम लगभग दो माह के भीतर का है।
पूरे मामले की हो रही निगरानी
पूरे मामले की पुलिस मुख्यालय से निगरानी की जा रही है। डीजीपी सुधीर कुमार सक्सेना रीवा जोन के आइजी, डीआइजी और सीधी के एसपी से बात कर जानकारी ले रहे हैं। एडीजी (महिला सुरक्षा) प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने भी एसपी व अन्य अधिकारियों से बात कर जांच और साक्ष्य संकलन के संबंध में मार्गदर्शन किया है। बता दें कि मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव ने इस मामले में आरोपितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा है। गिरफ्तारी के बाद आरोपितों के घर गिरा दिए गए हैं।