अनूपपुर। (कुंडेश्वर टाइम्स) जिले के जैतहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुंवारी गांव में खेत के बीच बने एक खंडहरनुमा मकान से रविवार को मिली अज्ञात युवती की सड़ी-गली लाश की पहचान सोमवार को परिजनों ने कपड़ों और सामान के आधार पर की। परिजनों ने शव को लपटा गांव निवासी काजल पुरी के रूप में पहचाना है। हालांकि शव के अधिक गल जाने के कारण पुलिस ने वास्तविक पहचान की पुष्टि के लिए डीएनए जांच कराने की बात कही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि डीएनए जांच के लिए नमूने लैब भेजे जाएंगे।
पुलिस के अनुसार काजल पुरी पिता सुखीराम पनिका निवासी ग्राम लपटा 17 फरवरी से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी जैतहरी थाने में दर्ज कराई गई थी। गुमशुदगी के आधार पर पुलिस ने परिजनों को शव की पहचान के लिए बुलाया था। सोमवार सुबह पहुंचे परिजनों ने युवती के कपड़े, पैर के मोजे, पर्स और उसमें रखे 245 रुपए सहित अन्य सामान की पहचान काजल पुरी के रूप में की।

*खेत मालिक को खंडहर से आई दुर्गंध, मिला शव*
घटना रविवार सुबह की है। गुंवारी गांव में खेत मालिक और रिटायर्ड फौजी रामखेलावन राठौर अपने खेत पहुंचे थे। खेत में बने पुराने खंडहरनुमा मकान से तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने पास जाकर देखा तो अंदर एक युवती का शव पड़ा था।
रामखेलावन राठौर ने गांव लौटकर ग्रामीणों को जानकारी दी, जिसके बाद दोपहर करीब 2.30 बजे पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची जैतहरी पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव के पास पड़े एक पर्स की तलाशी ली। पर्स में एक कागज की पर्ची मिली, जिस पर “काजल पुरी” नाम लिखा था।

*फॉरेंसिक टीम ने बताया कई दिन पुराना शव*
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाया। जांच के दौरान टीम ने शव को कई दिन पुराना बताया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद पुलिस रात करीब 9 बजे शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी के पोस्टमार्टम कक्ष में सुरक्षित रखवा दिया था।
*एमएससी की छात्रा थी काजल*
- परिजनों के अनुसार काजल पुरी अनूपपुर स्थित शासकीय तुलसी महाविद्यालय में एमएससी की छात्रा थी। बड़ी बहन ने बताया कि 17 फरवरी को वह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने बताया कि उसी दिन शाम करीब 4 बजे काजल को दो बार फोन किया गया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। तीसरी बार फोन करने पर उसका मोबाइल बंद बताने लगा। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला था।
*मोबाइल अब भी गायब*
पुलिस के अनुसार शव के पास से युवती का मोबाइल फोन नहीं मिला है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवती खेत में स्थित खंडहर तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
एसडीओपी नवीन तिवारी ने बताया कि शव के अधिक गल जाने के कारण डीएनए जांच कराई जाएगी, जिसके लिए नमूने लैब भेजे जाएंगे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों तथा परिचितों से पूछताछ कर विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही युवती की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।


















