जमीनी विवाद ने लिया हिंसक रूप: मारपीट में युवक के सीने पर गंभीर चोट, आवाज बंद होने से परिजनों में दहशत। कुंडेश्वर टाइम के लिए उप संपादक संपत दास गुप्ता की रिपोर्ट

0
40

रीवा,( कुंडेश्वर टाइम्स) 

रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। परिवार के भीतर चल रहे पुराने विवाद के दौरान हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि मारपीट के दौरान युवक के सीने में जोरदार चोट लगी, जिसके बाद अचानक उसकी आवाज बंद हो गई। घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बिछिया थाना क्षेत्र के नारायण चक्की के पास रहने वाले गेंद लाल बंसल का अपने ही परिवार के कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर सोमवार को दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान युवक पर हमला कर दिया गया, जिससे उसके सीने में गंभीर चोट लग गई।

परिजनों ने बताया कि मारपीट के बाद घायल युवक की स्थिति अचानक बिगड़ गई और उसके मुंह से आवाज निकलना बंद हो गई। युवक की यह हालत देखकर परिजन घबरा गए और बिना देर किए उसे उपचार के लिए संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया।

अस्पताल की चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. इशिता अग्रवाल ने बताया कि कैजुअल्टी में मारपीट से घायल एक मरीज को लाया गया है, जिसके सीने में चोट पाई गई है। परिजनों के अनुसार चोट लगने के बाद उसकी आवाज बंद हो गई है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम मरीज का इलाज कर रही है और उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

डॉक्टरों का कहना है कि जब तक पूरी मेडिकल जांच और रिपोर्ट सामने नहीं आती, तब तक यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता कि युवक की आवाज बंद होने के पीछे वास्तविक कारण क्या है। चिकित्सकीय परीक्षण और रिपोर्ट के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि चोट का असर किस प्रकार से हुआ है।

वहीं इस मामले को लेकर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है और शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी। फिलहाल घायल युवक का इलाज जारी है और परिजन अस्पताल में मौजूद हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here