बघमड़ा में दो मंजिला मकान में भीषण आग, लाखों की संपत्ति जलकर कुंडेश्वर टाइम्स

0
10

गुढ़ (कुंडेश्वर टाइम्स)

गुढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बघमड़ा गांव में शनिवार की शाम एक दो मंजिला मकान में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान घर के सभी सदस्य सुरक्षित रहे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गृहस्वामी आशुतोष त्रिपाठी (गुड्डा) के मकान में शाम लगभग 6 बजे अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के बाहर बैठे हुए थे। धुआं देखते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाया और तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही गुढ़ थाना पुलिस एवं दमकल विभाग को अवगत कराया गया। ग्रामीणों ने मोटर पंप एवं डिब्बों की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। कुछ समय बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

आग की चपेट में आने से मकान की ऊपरी मंजिल के दो कमरे पूरी तरह जलकर खाक हो गए, जबकि निचली मंजिल के एक कमरे में भी भारी नुकसान हुआ है। आग में टेंट का सामान, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, अनाज, जमीन के महत्वपूर्ण दस्तावेज सहित अन्य आवश्यक सामग्री जलकर नष्ट हो गई।

प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में लगभग 15 लाख रुपये की क्षति हुई है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here