मैहर 18 मार्च मां शारदा देवी मंदिर प्रबंध समिति मैहर द्वारा नवरात्रि मेले को लेकर सभी श्रद्धालुओं एवं आमजन से सहयोग की अपील की है। मां षारदा प्रबंध समिति की प्रषासक और एसडीएम मैहर दिव्या पटेल ने बताया कि 19 मार्च से 27 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले नवरात्रि मेले के दौरान मंदिर में वीआईपी दर्शन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे। नवरात्रि के अवसर पर लाखों श्रद्धालु मां शारदा देवी के दर्शन के लिए मैहर पहुंचते हैं, जिससे अत्यधिक भीड़ की स्थिति बनती है। ऐसे में सभी श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। प्रबंध समिति ने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं विशेष अतिथियों से अपील की है कि वे वीआईपी दर्शन की मांग न करें और सामान्य श्रद्धालुओं की तरह ही दर्शन करें, ताकि मेला व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।



















