रीवा में धमाके जैसी गूंज से हड़कंप: NCC कार्यालय की छत गिरी, घरों व वाहनों के कांच टूटे। कुंडेश्वर टाइम के लिए प्रेम तिवारी की रिपोर्ट

0
10

रीवा( कुंडेश्वर टाइम्स)

रीवा जिले के त्यौंथर में बुधवार को अचानक गूंजी तेज धमाके जैसी आवाज ने लोगों में दहशत फैला दी। बताया जा रहा है कि आसमान में फाइटर जेट के गुजरने के दौरान यह तेज गर्जना सुनाई दी, जिसकी गूंज जवा, रामबाग, अतरैला सहित आसपास के कई गांवों में महसूस की गई। आवाज इतनी तीव्र थी कि लोगों ने इसे किसी बड़े विस्फोट से जोड़कर देखा।
घटना के बाद ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग घरों से बाहर निकल आए और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने तत्काल मोर्चा संभाला और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
तेज कंपन के चलते जवा स्थित एनसीसी कार्यालय को नुकसान पहुंचा है। यहां फॉल सीलिंग अचानक गिर गई और छत से प्लास्टर झड़ने लगा, जिससे भवन में दरारें भी आ गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
इसी प्रकार आसपास के क्षेत्रों में भी नुकसान की खबरें सामने आई हैं। सेंट मैरी स्कूल, जवा समेत कई घरों की खिड़कियों के कांच टूट गए। इसके अलावा कई स्थानों पर खड़ी वाहनों के शीशे भी चटकने की सूचना है। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि तेज ध्वनि और कंपन के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब 10 दिनों से क्षेत्र के ऊपर लगातार फाइटर जेट उड़ान भर रहे हैं, जिससे रोजाना तेज आवाज सुनाई दे रही है। भठवा निवासी रामचरित नामदेव ने बताया कि इस लगातार हो रही गतिविधि से लोग मानसिक रूप से भयभीत हैं। वहीं, शिवप्रसाद तिवारी ने कहा कि इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई और अचानक आई तेज आवाज ने सभी को चौंका दिया।
मामले को लेकर जवा थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि पूरे क्षेत्र में तेज धमाके जैसी आवाज सुनी गई है। फिलहाल घटना की जांच की जा रही है और अभी तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने से बचें और शांति बनाए रखें।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग इसे फाइटर जेट से उत्पन्न ‘सोनिक बूम’ मान रहे हैं, जबकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here