रीवा (कुंडेश्वर टाइम्स)
रीवा शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व पटवारी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे की जमकर किरकिरी हुई, जिसके बाद पुलिस ने रातों-रात आरोपियों को चिन्हित कर दबिश देते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में विकास पाल, विजय पाल, पूर्व पटवारी दिनेश कुमार पाठक एवं नीरज साहू उर्फ सचिन शामिल हैं। सभी आरोपी रीवा शहर के पड़रा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात रेलवे ओवरब्रिज के समीप कुछ युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहे थे। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें हटाने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपियों ने उग्र होकर पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो वायरल होते ही पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे, जिसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और आरोपियों की पहचान कर उन्हें तत्काल हिरासत में ले लिया।

बताया गया है कि पुलिस ने सभी आरोपियों को राउंडअप कर गहन पूछताछ की। बुधवार को पुलिस टीम आरोपियों को लेकर घटना स्थल पर पहुंची, जहां पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया गया और पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार करते हुए घटना से जुड़े कई अहम खुलासे किए।
सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह बघेल ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस टीम पर हमला करने एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में चारों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।



















