सड़क के गड्ढे बने काल: रॉन्ग साइड आए ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत, दो गंभीर। कुंडेश्वर टाइम्स ब्यूरो संजय त्रिपाठी की रिपोर्ट

0
108

शाहनगर (कुंडेश्वर टाइम्स) पन्ना-कटनी रोड की जर्जर हालत और जानलेवा गड्ढों ने आज रविवार 15 मार्च को एक और हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। शाहनगर थाना क्षेत्र के केन नदी के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। गड्ढों से बचने की कोशिश में एक अनियंत्रित बाक्साइड से भरे ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल एक युवक ने कटनी पहुंचते ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

हादसे का मंजर: गड्ढों ने बिछाया मौत का जाल

​प्रत्यक्षदर्शी आशीष पाण्डेय ने बताया कि सड़क पर इतने बड़े और खतरनाक गड्ढे हैं कि वहां से वाहन निकालना किसी चुनौती से कम नहीं है। एक ट्रक चालक सड़क पर मौजूद गहरे गड्ढों से अपने वाहन को बचाने की कोशिश कर रहा था। इसी फेर में ट्रक अचानक रॉन्ग साइड (गलत दिशा) पर आ गया। उसी वक्त सामने से आ रही बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान होकर बेहोश हो गए। एक युवक तो ट्रक के नीचे तक जा घुसा था।

पुलिस और राहगीरों ने संभाला मोर्चा

​घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद वन रक्षक आशीष पांडेय एवं राजकमल पांडेय और अन्य राहगीरों ने सक्रियता दिखाई। सूचना मिलते ही शाहनगर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) शाहनगर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया।

​​हादसे का शिकार हुए तीनों युवक पड़ोसी जिले कटनी के निवासी हैं जिनमें ​भारत केवट (22 वर्ष) – निवासी ग्राम पिपरा, थाना विजयराघवगढ़, ​राजकुमार केवट (24 वर्ष) – निवासी ग्राम पिपरा, थाना विजयराघवगढ़ एवं ​अमित केवट (28 वर्ष) – निवासी ग्राम पिपरा, थाना विजयराघवगढ़।

बताया जा रहा है कि तीनो अमानगंज सीमेंट प्लांट में कार्यरत थे जो रविवार होने की वजह से अपने घर बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार, कटनी पहुंचते ही इलाज शुरू होने से पहले ही एक युवक ने दम तोड़ दिया है। अन्य दो घायलों का उपचार जारी है। ​स्थानीय निवासियों का कहना है कि पन्ना-कटनी रोड की हालत लंबे समय से जर्जर है। सड़क पर बने ये गड्ढे आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं, लेकिन प्रशासन मौन है। आज की घटना ने एक बार फिर सड़क सुधार की कछुआ चाल और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here