हनुमान जयंती पर भक्ति में डूबा देवसर, पंचमुखी हनुमान मंदिर में हुआ अखंड रामचरितमानस पाठ। प्रदेश संवाददाता अनुराग द्विवेदी की रिपोर्ट

0
94

सिंगरौली/देवसर(कुंडेश्वर टाइम्स) आस्था, श्रद्धा और उल्लास के संगम के रूप में मनाई गई हनुमान जयंती के पावन अवसर पर जनपद पंचायत देवसर मुख्यालय परिसर स्थित दक्षिणमुखी पंचमुखी बजरंगबली मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। पूरे वातावरण में भक्ति रस की गूंज सुनाई दी, जब श्रद्धालु भगवान हनुमान की आराधना में लीन नजर आए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रणव पाठक ‘वीरू’ ने विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने नगरवासियों के साथ मिलकर हर्षोल्लासपूर्वक केक काटकर भी हनुमान जयंती का पर्व मनाया, जो पारंपरिक आस्था और आधुनिक उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला।

श्री पाठक के सौजन्य से मंदिर परिसर में अखंड रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। निरंतर 24 घंटे तक चले इस पाठ ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के समापन उपरांत शुक्रवार, 3 अप्रैल को विशाल भंडारे एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। सभी ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक समरसता और जनसहभागिता का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करता नजर आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here