मनगवां, रीवा(कुंडेश्वर टाइम्स)। मनिकवार नंबर-2 में शराब के लिए पैसे न देने पर बदमाशों ने रविवार रात ऐसा तांडव मचाया कि पूरा इलाका दहल गया। लाठी-डंडों से लैस युवकों ने सरेआम मारपीट, लूटपाट और तोड़फोड़ की। जानलेवा हमले में जेसीबी संचालक समेत तीन लोग घायल हुए हैं। संचालक का पैर टूट गया है। आरोपी 70-80 हजार नकद और दो मोबाइल लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत और आक्रोश है।
पैसे न देने पर शुरू हुआ विवाद, फिर बरपाया कहर
जानकारी के अनुसार रविवार रात कुछ युवक मनिकवार नंबर-2 पहुंचे और वहां मौजूद लोगों से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे। इनकार करने पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बदमाशों ने लाठी-डंडों और हथियारों से हमला कर दिया। वहां खड़ी जेसीबी और बोलेरो को निशाना बनाकर कांच तोड़ दिए।
घायल, अस्पताल में भर्ती
हमले में पवन पटेल, पुनीत पटेल और अंकित पटेल घायल हुए हैं। जेसीबी संचालक को सबसे गंभीर चोट आई है, उसका पैर फ्रैक्चर हो गया है। तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लूटपाट का भी आरोप
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान बदमाश 70 से 80 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी लूट ले गए। पीड़ितों का कहना है कि पैसे न मिलने पर ही आरोपियों ने जानलेवा हमला किया।
पुलिस ने दर्ज किया केस, तलाश जारी
सूचना पर मनगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों के बयान दर्ज कर प्रकरण कायम कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर सरगर्मी से तलाश कर रही है। स्थानीय लोगों ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

















