अनूपपुर में दो सड़क हादसों में 3 की मौत, कई घायल चचाई में ट्रक के पीछे घुसी बाइक, इलाज के दौरान दो युवकों ने दम तोड़ा / राजकुमार यादव संभागीय ब्यूरो की खास रिपोर्ट

0
39

अनूपपुर में दो सड़क हादसों में 3 की मौत, कई घायल

चचाई में ट्रक के पीछे घुसी बाइक, इलाज के दौरान दो युवकों ने दम तोड़ा;

 कोतमा-निगवानी मार्ग पर दो बाइकों की भिड़ंत में एक की मौत

अनूपपुर। जिले में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। पहला हादसा चचाई थाना क्षेत्र के बकही गांव के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्होंने जिला अस्पताल अनूपपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं शुक्रवार को कोतमा-निगवानी मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई और महिला समेत कई लोग घायल

हुए हैं।

ट्रक के पीछे घुसी बाइक, अस्पताल में दोनों ने तोड़ा दम

चचाई थाना क्षेत्र के बकही गांव के पास गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे 26 वर्षीय श्यामलाल केवट पिता दिनेश प्रसाद केवट और 23 वर्षीय अभय केवट पिता मिथुन केवट, दोनों निवासी बिछिया थाना अमलाई जिला शहडोल, बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना 112 डायल वाहन के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना पर चचाई पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों घायलों की सांसें चल रही थीं। पुलिस ने तत्काल दोनों को जिला अस्पताल अनूपपुर पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया। हालांकि करीब एक-दो घंटे बाद दोनों की मौत हो गई।

चचाई थाना प्रभारी फूलवती अहिरवार ने बताया कि शुक्रवार को दोनों शवों का पीएम कराया गया। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे में शामिल ट्रक की तलाश कर रही है। पीएम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिए गए।

कोतमा-निगवानी मार्ग पर आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें

दूसरा हादसा शुक्रवार को कोतमा-निगवानी मार्ग पर हुआ। यहां दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार महिला और पुरुष समेत कई लोग घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल सड़क से उठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक और घायलों की पहचान की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की जांच के बाद हादसे की स्थिति और कारणों का स्पष्ट खुलासा होने की बात कही गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here