जिला मऊगंज की तहसील हनुमना के ग्राम मिसिरगवां स्थित सरस्वती विद्या निकेतन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने पूरे मध्यप्रदेश में 8वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।
*99% रिजल्ट के साथ बनाया रिकॉर्ड*
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परिणामों में विद्यालय का परीक्षा परिणाम 99% रहा। इसी के साथ विद्यालय ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में 8वां स्थान हासिल किया। लगातार तीसरे साल यह विद्यालय ब्लॉक में सर्वोच्च प्रदर्शन कर रहा है। वर्ष 2024 और 2025 में भी विद्यालय ब्लॉक टॉपर रहा, और इस वर्ष 2026 में प्रदेश स्तर पर 8वां स्थान प्राप्त कर नई ऊंचाई छू ली है।
*किसान के बेटे ने किया कमाल*
विद्यालय के छात्र आदर्श प्रजापति पिता अशोक प्रजापति, माता कलावती प्रजापति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। आदर्श ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा, “विशेष योगदान मेरे माता-पिता का रहा, जिन्होंने मुझे ऐसे विद्यालय में अध्ययन कराया। मैं आज अपने विद्यालय का नाम रोशन कर पाया।” आदर्श के पिता पेशे से किसान हैं, जो खेती से परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
*प्राचार्य का उद्देश्य: क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा*
विद्यालय के प्राचार्य – आनंद मिश्रा ने बताया कि विद्यालय का एकमात्र उद्देश्य क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर अच्छे मुकाम तक पहुंचाना है। “हम चाहते हैं कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी बड़े शहरों के बच्चों से पीछे न रहें,” प्राचार्य ने कहा।
ग्राम सरपंच समेत पूरे मिसिरगवां और मऊगंज जिले में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय की यह उपलब्धि अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी।



















