देवतालाब शिव मंदिर परिसर का 2 करोड़ 40 लाख रूपये से होगा सौन्दर्यीकरण एवं विस्तारीकरण,विधानसभा अध्यक्ष एवं म.प्र. पर्यटन निगम के अध्यक्ष ने किया भूमिपूजन

0
1281

देवतालाब(kundeshwartimes). मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम द्वारा शिव नगरी देवतालाब के प्राचीन शिव मंदिर के संपूर्ण परिसर का 2 करोड़ 40 लाख रूपये की लागत से सौन्दर्गीकरण एवं विस्तारीकरण किया जायेगा। विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम एवं म.प्र. पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष विनोद गोंटिया ने प्रस्तावित सौन्दर्यीकरण एवं विकास निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित विधानसभा अध्यक्ष श्री गिरीश गौतम ने कहा कि प्राचीन शिवमंदिर का पौराणिक एवं ऐतिहासिक इतिहास है। इस मंदिर के प्रति लोगों की अपार आस्था है यहां बड़ी संख्या में श्रृद्धालु आते हैं। मंदिर परिसर के विस्तारीकरण व सौन्दर्यीकरण से आगंतुकों को सुविधा होगी और वह बिना किसी परेशानी के भगवान आशुतोष के दर्शन कर पायेंगे। उन्होंने मंदिर परिसर में बड़े मंच बनाये जाने की बात कही ताकि वहां धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन हो सके।

साथ ही उन्होंने देवतालाब में भव्य प्रवेश द्वार बनाने के लिये म.प्र. पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष से चालू वित्तीय बजट में राशि प्रावधानित किये जाने की भी बात कही। उन्होंने देवतालाब को पर्यटन स्थल घोषित किये जाने तथा मंदिर के पुजारियों के लिये आवास व्यवस्था बनाये जाने की बात कही। श्री गौतम ने कहा कि भगवान आशुतोष के आशिर्वाद से देवतालाब विधानसभा में धार्मिक, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, सहित सभी क्षेत्रों में कार्य कराये जा रहे हैं ताकि यह विधानसभा प्रदेश की सर्वोच्च विधानसभा बनें। उन्होंने मंदिर एवं उसके परिसर सहित देवतालाब की पवित्र नगरी में साफ-सफाई के लिये नगरवासियों से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष विनोद गोंटिया ने बताया कि इस पुण्य स्थल में 2 करोड़ 40 लाख रूपये से बहुउद्देशीय भवन, बड़ा किचेन, पीने के पानी की व्यवस्था तथा तालाब के सौन्दर्यीकरण व परिक्रमा पथ एवं उसके ऊपर शेड, बैठक के लिये आधुनिक बेंच लगाने सहित अन्य कार्य कराये जायेंगे जिससे इस मंदिर की पवित्रता के साथ सौन्दर्य बढ़ेगा। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि परिक्रमा पथ में फलदार पौधे भी लगाये जाय। श्री गोंटिया ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष श्री गौतम अपने क्षेत्र के विकास के लिये हमेशा प्रयत्नशील रहते हैं उन्ही के सद्प्रयासों से मंदिर परिसर का सौन्दर्यीकरण एवं विस्तारीकरण कार्य कराया जायेगा।

कार्यक्रम में शिवपूजन शुक्ला, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष राहुल गौतम, देवेन्द्र शुक्ला, सुरेन्द्र सिंह चंदेल मन्नूलाल गुप्ता, जनपद अध्यक्ष नीलम सिंह,देवतालाब मंडल अध्यक्ष संजय सोनी, सरपंच सरिता सिंह, पुष्पेन्द्र गौतम, के.के. मिश्रा, रमा गोविंद सिंह, सुरेंद्र मिश्रा(पन्नी), रामपाल सिंह सेनुआ, रामायण प्रसाद पांडे नर्मदा प्रसाद पयासी, शिववती नंदन पयासी, वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र कुसमाकर, डा.ब्रम्ह प्रकाश शुक्ला, सीएम राइज विद्यालय के प्राचार्य अशोक मिश्रा, सरस्वती विद्यालय के प्राचार्य रावेन्द्र मिश्रा, देवतालाब मंडल महामंत्री महेन्द्र सिंह अतरैला, विनोद कोल,कान्हा दीक्षित,गोबिन्द लाल तिवारी, रामायण पाण्डेय, रमाकांत पाण्डेय, विनोद पाण्डेय,शेषमणि मिश्रा, भैयालाल पटेल, नारायण दास गुप्ता, गिरधारी लाल गुप्ता, शंकर लाल गुप्ता, अखिलेश सिंह, अवनीश मिश्रा, मऊगंज एसडीएम ए.पी.द्विवेदी, देवतालाब नायब तहसीलदार मानसिंह आर्मो,सीतला प्रसाद सोनी, सत्यपाल गुप्ता, दीपेश बढ़ौलिया,राजेश सोंधिया, इंद्रपाल सिंह परिहार, अशोक सिंह परिहार, डा.दिवाकर सिंह बघेल, सहित बड़ी संख्या में नगरवासी तथा म.प्र. पर्यटन विकास निगम के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आभार एसडीएम एपी द्विवेदी ने ज्ञापित किया। कार्यक्रम के उपरांत मंदिर प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर के विकास कार्यों सहित अन्य प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here