बैढ़न बैंक डकैती कांड का खुलासा बिहार से तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल से संचालित हो रहा था नेटवर्क। प्रदेश संवाददाता अनुराग द्विवेदी की रिपोर्ट

0
26

सिंगरौली(कुंडेश्वर टाइम्स) सिंगरौली जिले के मुख्यालय बैढ़न स्थित बहुचर्चित बैंक ऑफ महाराष्ट्र डकैती कांड में सिंगरौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। देशभर में सुर्खियां बटोर चुके इस मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को बिहार से गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों से पूछताछ जारी है। पुलिस जांच में अब इस डकैती कांड के तार जेल और नेपाल तक जुड़ते नजर आ रहे हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रभाकर सिंह उर्फ शमशेर सिंह, रविनंदन कुमार उर्फ चंदन और हर्षराज उर्फ अमन जायसवाल शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 17 अप्रैल को हुई बैंक डकैती के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने बिहार में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक इस पूरे गिरोह का संचालन जेल में बंद सुबोध और पीयूष द्वारा किया जा रहा था। दोनों पर डकैती की योजना बनाने और नेटवर्क संचालित करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी हर्षराज को पीयूष का भाई बताया जा रहा है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह से जुड़े एक अन्य आरोपी ने डकैतों को सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे, जिनका उपयोग वारदात के दौरान किया गया। पुलिस को आशंका है कि लूट का कुछ हिस्सा पड़ोसी देश नेपाल में खपाया जा चुका है।
फिलहाल सिंगरौली पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है। कई राज्यों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है और मामले में जल्द ही और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here