मऊगंज पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल: एसपी सुरेंद्र कुमार जैन ने जारी किए आदेश, 18 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले

0
394

मऊगंज (कुंडेश्वर टाइम्स)। जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और प्रशासनिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुरेंद्र कुमार जैन ने सोमवार को पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। एसपी कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिले के विभिन्न थानों, चौकियों और पुलिस लाइन में तैनात कुल 18 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक तबादला कर दिया गया है।
आदेश के तहत कई थानों के थाना प्रभारियों (टीएच) को बदला गया है, वहीं कुछ को पुलिस लाइन भेजा गया है। एसपी ने सभी संबंधित थाना और विंग प्रभारियों को निर्देशित किया है कि स्थानांतरित किए गए अधिकारियों व कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त (रवानगी) कर आमद की रिपोर्ट जिला कार्यालय भेजें।

इन प्रमुख अधिकारियों के बदले प्रभार:

जारी सूची के अनुसार, कार्यवाहक निरीक्षक रीना सिंह को थाना प्रभारी मऊगंज से हटाकर पुलिस लाइन मऊगंज भेजा गया है। वहीं पुलिस लाइन में पदस्थ निरीक्षक रामसिंह को अब मऊगंज थाने की कमान सौंपी गई है। इसके अलावा कार्यवाहक निरीक्षक अजय खोब्रागड़े को थाना प्रभारी शाहपुर से पुलिस लाइन मऊगंज भेजा गया है। उप निरीक्षक ऋषि कुमार द्विवेदी अब थाना प्रभारी नईगढ़ी से थाना प्रभारी शाहपुर होंगे, जबकि उप निरीक्षक गोविंद प्रसाद तिवारी को पुलिस लाइन से हटाकर थाना प्रभारी नईगढ़ी की जिम्मेदारी दी गई है।

चौकी और थानों में अन्य महत्वपूर्ण बदलाव:

कार्यवाहक उप निरीक्षक ज्ञानेन्द्र पटेल:थाना मऊगंज से चौकी प्रभारी पिपराही।
कार्यवाहक उप निरीक्षक गुलाब वर्मा पुलिस चौकी पिपराही (थाना हनुमना) से थाना मऊगंज।
कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक बृहस्पति पटेल व परसमणि वर्मा क्रमशः पुलिस लाइन व थाना मऊगंज से थाना मऊगंज और थाना नईगढ़ी।
कार्यवाहक स.उ.नि. दिलराज सिंह व अजय पाण्डेय:थाना लौर और पुलिस लाइन से क्रमशः पुलिस लाइन मऊगंज और थाना हनुमना।
इसके साथ ही सूची में 4 कार्यवाहक प्रधान आरक्षक (कृष्ण कुमार यादव, अभिषेक मिश्रा, विजय कुमार तिवारी, सोनू सिंह) और 3 आरक्षक (अंकित शुक्ला, सुरेश यादव, शिवकुमार दुबे) के नाम भी शामिल हैं, जिन्हें प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार विभिन्न थानों व चौकियों में नई पदस्थापना दी गई है।

तत्काल रवानगी के निर्देश:

पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश की प्रतिलिपि पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) रीवा जोन, रीवा को भी सूचनार्थ भेजी गई है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी संबंधित अधिकारी आज ही रवानगी और आमद का रोजनामचा सान्हा जिला कार्यालय भिजवाना सुनिश्चित करेंगे ताकि शासकीय कार्यों में कोई बाधा न आए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here