मैहर पुलिस का अमानवीय चेहरा: लापता महिला की तलाश के बदले मांगे 6000 रुपये, SI पर अभद्रता का आरोप। मैहर से कुंडेश्वर टाइम्स ब्यूरो दीपक बढ़ौलिया की रिपोर्ट

0
317

मैहर (कुंडेश्वर टाइम्स)- नवनिर्मित जिले मैहर में खाकी एक बार फिर दागदार हुई है। एक ओर जहां प्रदेश सरकार पुलिस को मित्रवत व्यवहार की सीख दे रही है, वहीं मैहर थाने में न्याय की गुहार लगाने पहुंचे एक पीड़ित परिवार को अपमान और भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ा। थाने में तैनात उपनिरीक्षक (SI) आर.एन. साकेत पर परिजनों के साथ अभद्रता करने और महिला की तलाश के एवज में रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगे हैं।
मामला मैहर थाना क्षेत्र के हरनामपुर (वार्ड नंबर 14) का है। 31 मार्च 2026 की रात हरनामपुर निवासी टीमन दाहिया उर्फ पवन ने अपनी पत्नी सुधा दाहिया के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस घटना के बाद से ही सुधा दाहिया संदिग्ध परिस्थितियों में घर से गायब हैं। जब सुधा के मायके पक्ष के लोग सतना से उसकी तलाश में मैहर पहुंचे और पुलिस से मदद मांगी, तो उन्हें व्यवस्था की कड़वाहट का अहसास हुआ। परिजनों का आरोप है कि 2 अप्रैल को जब वे शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचे, तो SI आर.एन. साकेत ने सहानुभूति दिखाने के बजाय उनके साथ बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग किया। काफी जद्दोजहद और थाना प्रभारी के हस्तक्षेप के बाद मामला दर्ज किया जा सका।
हैरान कर देने वाला मोड़ तब आया जब 3 अप्रैल को पीड़ित परिवार के पास मैहर थाने से जुड़े एक मोबाइल नंबर (8962555074) से कॉल आया। आरोप है कि फोन करने वाले व्यक्ति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि
“6000 रुपये दोगे, तभी आगे की कार्यवाही होगी और महिला की तलाश की जाएगी।”

इस घटना ने मैहर पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या अब लापता व्यक्तियों को ढूंढने के लिए भी पुलिस को ‘फीस’ देनी होगी?

पीड़ित परिवार के साथ अभद्रता करने वाले अधिकारी पर क्या अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी?

वह मोबाइल नंबर किसका है जिससे रिश्वत की मांग की गई?
परिजनों ने उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है कि इस भ्रष्टाचार के खेल की निष्पक्ष जांच की जाए, दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई हो और जल्द से जल्द लापता सुधा दाहिया का पता लगाया जाए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here