सरकार आपकी प्रतिभाओं को बढ़ाने, निखारने के लिए विभिन्न योजनाए संचालित कर रही हैं-राज्यमंत्री श्री पटेल / राज्यमंत्री श्री पटेल ने 01 करोड़ 47 लाख से निर्मित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सादपुर का किया लोकार्पण

0
28

 

दमोह / तहसील बटियागढ के अंतर्गत विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार द्वारा उन्हें स्कूटी प्रदान की जा रही है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रेरित करना है। सरकार विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। इस आशय के विचार प्रदेश के आनंद विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार लखन पटेल ने 01 करोड़ 47 लाख रुपए से निर्मित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सादपुर के लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए।

        राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखनी चाहिए। सरकार उनके साथ है और शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को जिस भी सहायता की आवश्यकता होगी, उसे पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

        उन्होंने छोटे गांवों से निकलकर बड़ी सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों का उदाहरण देते हुए कहा कि दमोह जिले के छोटे से गांव खड़ेरी के एक विद्यार्थी का NEET में 512 अंक प्राप्त कर इंदौर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश होना गौरव की बात है। उन्होंने कहा छोटे से गांव से निकलकर यदि कोई विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश हासिल कर सकता है, तो अन्य विद्यार्थी भी मेहनत और लगन के साथ निश्चित रूप से सफलता प्राप्त कर सकते हैं।

श्री पटेल ने चौथी कक्षा में पढ़ने वाले एक छोटे विद्यार्थी की उपलब्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा विद्यार्थी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर की एक परीक्षा में हिस्सा लिया, जिसमें विभिन्न देशों के करीब 12 हजार प्रतिभागी शामिल हुए थे। इस प्रतियोगिता में विद्यार्थी ने तीसरा स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया।

      उन्होंने विद्यार्थियों से कहा सफलता के लिए जरूरी है कि वे अपनी क्षमता पर विश्वास रखें, निरंतर मेहनत करें और बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करें।

    इस अवसर पर पं. नरेन्द्र व्यास एवं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल ने अपनी बातें विस्तार से रखी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here