हनुमना में सड़क किनारे लावारिस हालत में मिली 2 लाख 40 रुपए से अधिक के गांजे से भरी बोरी, 24.620 किलो मादक पदार्थ जब्त। कुंडेश्वर टाइम्स उपसंपादक सम्पति दास गुप्ता की रिपोर्ट

0
93

ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अज्ञात आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

 

हनुमना(कुंडेश्वर टाइम्स न्यूज)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन प्रहार-2.0 के तहत हनुमना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। प्रतापगंज तिराहे के पास सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़ी एक बोरी से पुलिस ने 24 किलो 620 ग्राम गांजा बरामद कर जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 2 लाख 40 हजार 620 रुपये बताई गई है। हालांकि, गांजे से भरी बोरी वहां कौन और किस उद्देश्य से छोड़कर गया, यह अभी रहस्य बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात डायल-112 के माध्यम से हनुमना पुलिस को प्रतापगंज क्षेत्र में एक संदिग्ध वस्तु रखे होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रतापगंज तिराहे से करीब 100 मीटर की दूरी पर सड़क किनारे काले रंग की हरी पट्टी वाली एक बोरी पड़ी मिली। बोरी का एक सिरा खुला हुआ था और अंदर खाकी रंग के पैकेट दिखाई दे रहे थे। जांच करने पर पैकेटों में गांजा पाया गया। पुलिस ने तत्काल बोरी और उसमें रखे मादक पदार्थ को सुरक्षित कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया तथा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 24 किलो 620 ग्राम गांजा जब्त किया।

इस मामले में थाना हनुमना में अपराध क्रमांक 552/26 के तहत धारा 8/20(बी)/25 एनडीपीएस एक्ट में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसे किसके पास पहुंचाया जाना था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल गांजे से भरी बोरी का मालिक पुलिस के लिए पहेली बना हुआ है।

गौरतलब है कि विंध्य क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा रेंज हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में अभियान चलाया जा रहा है। वहीं पुलिस अधीक्षक मऊगंज मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here