दमोह (कुंडेश्वर टाइम्स)/ उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस जवानों को मिला सम्मान: पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि ने प्रशस्ति पत्र देकर बढ़ाया मनोबल
पुलिस बल में अनुशासन सुदृढ़ करने और कर्तव्य के प्रति समर्पण की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 20.11.2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दमोह में एक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक दमोह श्री आनंद कलादगि द्वारा ‘साप्ताहिक श्रेष्ठ पुलिसकर्मी’ (Police Employee of the Week) पहल के अंतर्गत जिले के विभिन्न थानों एवं इकाइयों में उत्कृष्ट, सराहनीय एवं निष्ठापूर्वक कार्य करने वाले पुलिस जवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने सम्मानित होने वाले सभी जवानों की कर्तव्यनिष्ठा और कार्यशैली की प्रशंसा की। उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि “पुलिस विभाग की वास्तविक शक्ति हमारे मैदानी स्तर पर कार्य करने वाले जवान हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी पूरी ईमानदारी और तत्परता से जनसेवा करना ही खाकी का असली गौरव है।”
उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को भविष्य में भी इसी ऊर्जा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने हेतु प्रेरित किया। इस पहल से न केवल सम्मानित जवानों का आत्मविश्वास बढ़ा है, बल्कि संपूर्ण पुलिस बल में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और बेहतर कार्य करने का उत्साह भी संचारित हुआ है।

















