जेके सीमेंट, रोजगार, सड़क हादसों और जनसमस्याओं को लेकर अमानगंज में गरजे आकाश जाटव, विधायक राजेश वर्मा की चुप्पी पर उठाए गंभीर सवाल। कुंडेश्वर टाइम्स ब्यूरो जयराम पाठक की रिपोर्ट

0
78

अजयगढ़।अमानगंज।(कुंडेश्वर टाइम्स) पन्ना जिले के अमानगंज में जेके सीमेंट, स्थानीय युवाओं को रोजगार, सड़क दुर्घटनाओं, पेयजल संकट, अवैध खनन, अवैध प्लाटिंग तथा क्षेत्रीय विकास के मुद्दों को लेकर एनएसयूआई और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ा प्रदर्शन किया।थाना तिगड्डा से गांधी चौक तक रैली निकालकर धरना दिया गया तथा कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन का नेतृत्व एनएसयूआई जिलाध्यक्ष आकाश जाटव ने किया। जिसका आयोजन।

NSUI जिला महासचिव शिवम सिंह दिखित ने किया इस दौरान जिला अध्यक्ष आकाश जाटव ने जेके सीमेंट प्रबंधन, प्रदेश सरकार तथा गुनौर विधायक राजेश वर्मा को निशाने पर लेते हुए कहा कि जनता के जिन मुद्दों पर कभी संघर्ष और विरोध दिखाई देता था, आज उन्हीं मुद्दों पर चुप्पी दिखाई दे रही है।धरना सभा को संबोधित करते हुए आकाश जाटव ने कहा कि अमानगंज और आसपास का क्षेत्र वर्षों से भारी वाहनों के दबाव, सड़क हादसों, बेरोजगारी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। उन्होंने कहा कि जेके सीमेंट जैसी बड़ी औद्योगिक इकाई क्षेत्र में संचालित है, लेकिन स्थानीय युवाओं को अपेक्षित रोजगार नहीं मिल पाया। क्षेत्र के हजारों युवा आज भी रोजगार के लिए भटक रहे हैं जबकि उद्योग लगातार विस्तार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जेके सीमेंट के ट्रकों और अन्य भारी वाहनों के कारण अमानगंज में आए दिन जाम की स्थिति बनती है। कई लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में जान जा चुकी है और लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद न तो कंपनी प्रबंधन कोई ठोस व्यवस्था कर पाया है और न ही जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रभावी पहल दिखाई दे रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर क्षेत्र को उद्योग से क्या मिला? यदि रोजगार नहीं मिला, सड़क सुरक्षा नहीं मिली और आम लोगों की परेशानियां कम नहीं हुईं, तो विकास के दावों का लाभ किसे मिल रहा है।अपने संबोधन में आकाश जाटव ने विशेष रूप से गुनौर विधायक राजेश वर्मा की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि एक समय विधायक स्वयं जेके सीमेंट के खिलाफ मुखर दिखाई देते थे। सार्वजनिक मंचों और सोशल मीडिया पर कंपनी से जुड़े मुद्दे उठाए जाते थे, लेकिन अब वही आवाजें सुनाई नहीं देतीं। उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि क्या जेके सीमेंट से जुड़े सभी मुद्दों का समाधान हो गया है, क्या क्षेत्र के युवाओं को रोजगार मिल गया है, क्या सड़क दुर्घटनाएं रुक गई हैं अथवा कोई अन्य कारण है जिसके चलते अब विरोध के स्वर शांत हो गए हैं।आकाश जाटव ने कहा कि विधायक पहले अवैध रेत खनन को लेकर लगातार बयान देते थे, वीडियो जारी करते थे और कार्रवाई की मांग करते थे, लेकिन अब इस मुद्दे पर भी चुप्पी दिखाई दे रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या अवैध खनन पूरी तरह बंद हो गया है अथवा पहले जो मुद्दा जनता के सामने प्रमुखता से उठाया जाता था वह अब प्राथमिकता में नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता इन सवालों के जवाब चाहती है।उन्होंने अवैध प्लाटिंग के मुद्दे का भी उल्लेख किया और कहा कि कुछ समय पहले तक इस विषय को प्रमुखता से उठाया जाता था, विधानसभा तक में प्रश्न लगाए जाते थे, लेकिन अब इस विषय पर भी कोई सक्रियता दिखाई नहीं देती। उन्होंने कहा कि यदि अवैध प्लाटिंग बंद हो गई है तो प्रशासन को इसकी जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए और यदि समस्या आज भी बनी हुई है तो फिर जनप्रतिनिधियों की चुप्पी समझ से परे है।सभा में सड़क निर्माण की गुणवत्ता का मुद्दा भी जोरशोर से उठाया गया।

आकाश जाटव ने आरोप लगाया कि गुनौर विधानसभा क्षेत्र की कई सड़कें खराब स्थिति में हैं। उन्होंने सकरिया-डिघोरा मार्ग तथा पन्ना-पहाड़ीखेड़ा मार्ग का उदाहरण देते हुए कहा कि एक ही समय में निर्मित परियोजनाओं की गुणवत्ता में अंतर दिखाई देता है, जिसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता अपने क्षेत्र के विकास कार्यों में पारदर्शिता चाहती है।उन्होंने विधायक द्वारा पूर्व में की गई घोषणाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना को लेकर बड़ी घोषणाएं की गई थीं, आर्थिक स्वीकृति की बात भी सामने आई थी, लेकिन वर्षों बाद भी प्रतिमा का कार्य धरातल पर दिखाई नहीं देता। उन्होंने कहा कि जनता यह जानना चाहती है कि घोषणा के बाद कार्य की वर्तमान स्थिति क्या है।सभा में पेयजल संकट का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। वक्ताओं ने कहा कि जिले के अनेक गांवों में लोग पानी के लिए लंबी दूरी तय करने को मजबूर हैं। कई स्थानों पर नल-जल योजनाएं अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रही हैं। उन्होंने कहा कि जब आम नागरिकों को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है तो यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि बड़े उद्योगों के लिए पानी की उपलब्धता किस व्यवस्था के तहत सुनिश्चित की जा रही है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनीस खान ने कहा कि क्षेत्र के युवाओं, किसानों और आम नागरिकों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि रोजगार, सड़क सुरक्षा, पेयजल और अन्य जनहित के मुद्दों का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस और एनएसयूआई आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे।
प्रदर्शन में विधानसभा प्रत्याशी जीवन लाल सिद्धार्थ, सेवा लाल पटेल, विक्की मार्तंड देव बुंदेला, स्वतंत्र प्रभाकर अवस्थी, अंकित शर्मा, आनंद शुक्ला, भभूत सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ दुबे, वासुदेव बुंदेला, कादिर खान, नीरज बड़ागांव, वसीम खान, रामकरण पाण्डेय, अंकुश राजा, सचिन वर्मा, मुकेश बागरी, मृदुल, मयंक बुंदेला, हिमांशु ठाकुर, कुलदीप गर्ग, रोहित लोधी, अरुणोदय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस एवं एनएसयूआई कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में आकाश जाटव ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं बल्कि जनता के अधिकारों और क्षेत्र के विकास के लिए है। उन्होंने घोषणा की कि जब तक रोजगार, सड़क सुरक्षा, पेयजल और अन्य जनसमस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक जनसंघर्ष लगातार जारी रहेगा और जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here